Araria News:जिले के कुर्साकांटा थाना क्षेत्र में एक युवती ने प्यार में धोखा मिलने के बाद न्याय की गुहार लगाई है। युवती का आरोप है कि फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मटियारी वार्ड संख्या एक निवासी आनंद कुमार ने पहले उसे प्रेमजाल में फंसाया, भागकर ले गया, छह दिनों तक पति-पत्नी के रूप में रखा, और अब शादी करने से साफ इंकार कर दिया। दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर युवती थाना पहुंची और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता ने बताया कि जुलाई माह में एक शादी समारोह के दौरान उसकी मुलाकात आनंद कुमार से हुई। वहीं से बातचीत शुरू हुई और युवक ने उसे प्रेम में फंसा लिया। शादी के सपने दिखाता रहा और लगातार संपर्क में रहकर रात-रातभर फोन पर प्रेम का झांसा देता रहा। 30 जुलाई को आनंद कुमार युवती के गांव पहुंचा और शादी करने का बहाना बनाकर उसे अपने साथ कटिहार ले गया। यहां युवती के एक रिश्तेदार के खाली घर में दोनों छह दिनों तक रहे। इसी दौरान युवक ने सुनहरे भविष्य का वादा करते हुए शारीरिक संबंध भी बनाए।
इधर दोनों के फरार होने के बाद परिजन तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान आनंद के पिता रामकृष्ण मंडल युवती के घर पहुंचे और दोनों की शादी कराने का आश्वासन दिया। बाद में जानकारी मिलने पर आनंद का पिता अपने लोगों के साथ कटिहार पहुंचा और बेटे को अपने साथ वापस ले आया। उस समय युवती बाजार गई हुई थी। घर लौटने पर वह युवक के गायब होने से सदमे में चली गई और समय बीतने के साथ प्रेम में टूटकर मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।
लगभग दो माह बाद जब युवती के पिता शादी का प्रस्ताव लेकर आनंद के घर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। मारपीट से आहत परिवार ने थाने में शिकायत की। युवती द्वारा दिए गए आवेदन पर पुलिस ने आनंद कुमार, उसके पिता रामकृष्ण मंडल सहित नौ लोगों पर कुर्साकांटा थाना कांड संख्या 118/25 दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।

