Giridih News:- गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र में शनिवार की रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा जमुआ–चकाई मुख्य मार्ग पर चतरो हटिया मोड़ के समीप हुआ, जहां एक बाइक सवार और एक पैदल राहगीर सड़क दुर्घटना की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान कांटीदिघी गांव निवासी मिथिलेश कुमार राय (35) और गादिदिघी गांव के टोला मंझलाडीह निवासी रामकुमार राय (55) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, मिथिलेश कुमार राय अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे, जबकि रामकुमार राय पैदल ही सड़क किनारे चल रहे थे। इसी दौरान चतरो हटिया मोड़ के पास अचानक यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़े मिले। कुछ देर बाद जब घटना की जानकारी परिजनों को मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना के सब इंस्पेक्टर रामपुकार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। रविवार को पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा कैसे हुआ। दुर्घटना में किसी अज्ञात वाहन की भूमिका है या तेज रफ्तार इसकी वजह बनी, इस दिशा में जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

