Muzaffarpur News: जिले के सरैया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। बहिलवारा रूपनाथ दक्षिणी पंचायत के शंकर टोला के पास स्कूल जा रही छात्राओं पर बिजली का लाइव तार गिर गया, जिसमें करंट लगने से एक मासूम छात्रा की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, रोजाना की तरह गांव की लगभग आधा दर्जन छात्राएं सुबह स्कूल जाने के लिए सड़क से होकर गुजर रही थीं। उसी दौरान एक तेज़ रफ्तार अज्ञात ट्रक सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा हिल गया और ऊपर लगा हाईवोल्टेज तार टूटकर सीधे स्कूल जा रही बच्चियों पर गिर पड़ा।
तार गिरते ही बच्चियों को करंट लगना शुरू हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर पहुंचे और किसी तरह बच्चियों को करंट की चपेट से बाहर निकाला। इस दौरान सुबोध पासवान की पुत्री विंध्यांचली कुमारी (छात्रा) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रितिका कुमारी, अंशु कुमारी और दिव्या कुमारी गंभीर रूप से झुलस गईं। सभी घायलों को तुरंत सरैया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
हादसे के बाद मृतक छात्रा के घर में मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं, वहीं पूरे गांव में गम का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग और प्रशासन को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।सूचना मिलते ही सरैया थाना पुलिस और सीमावर्ती क्षेत्र होने की वजह से वैशाली जिले के बेलसर थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। सरैया थानेदार सुभाष मुखिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह दर्दनाक घटना न केवल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि बिजली विभाग की लापरवाही पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न लगाती है।

