Dhanbad News:- धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देशन में शुक्रवार तड़के योग नगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13010) से भारी मात्रा में कछुओं की तस्करी का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टास्क टीम प्लेटफार्म पर नियमित गश्त और निगरानी कर रही थी। इस दौरान गुप्त सूचना मिली कि ट्रेन के गार्ड ब्रेक से सटे महिला कोच में भारी मात्रा में कछुए तस्करी के लिए ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर जब ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 2 पर रात 02:41 बजे पहुंची, तो टीम ने कोच की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान सीट के नीचे 6 कपड़े के थैले बरामद किए गए। आसपास बैठी महिला यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी थैलों पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया। जब थैलों को खोला गया तो उनमें Indian flapshell (Lissemys punctata) प्रजाति के कुल 78 जीवित कछुए मिले।
टीम ने सभी कछुओं को जब्त करते हुए 03:30 बजे जब्ती सूची तैयार की और उन्हें पोस्ट पर लाया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बरामद कछुओं को वन क्षेत्र पदाधिकारी, धनबाद को आगे की कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ये कछुए अज्ञात तस्करों द्वारा छोड़े गए थे। बरामद कछुओं की अनुमानित कीमत करीब ₹7,80,000 बताई जा रही है। पुलिस और वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत Indian flapshell कछुओं को संरक्षण प्राप्त है और इनका व्यापार या तस्करी कानूनन दंडनीय अपराध है।

