Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया आज (17 अक्टूबर) समाप्त हो जाएगी। यह प्रक्रिया 10 अक्टूबर से शुरू हुई थी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच 18 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 20 अक्टूबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। इस चरण में मतदान 6 नवंबर को और मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
प्रथम चरण में राज्य की कुल 243 विधानसभा सीटों में से 121 सीटों पर मतदान होना है। राजनीतिक दलों द्वारा प्रत्याशियों के नामों की घोषणा में हुई देरी के कारण प्रारंभिक दिनों में नामांकन की गति धीमी रही, लेकिन अंतिम दो दिनों में नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ी।
चुनाव आयोग को उम्मीद है कि आज अंतिम दिन अधिकांश उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर लेंगे।
इसी बीच, दूसरे चरण के चुनाव के लिए भी नामांकन प्रक्रिया जारी है। इस चरण में 122 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा, जिसके लिए नामांकन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

