Bihar News: नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के अमावा गांव में एक तिलक समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। घटना को लेकर इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। बताया जा रहा है कि समारोह में बार बालाओं का नाच चल रहा था, उसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो एक युवक को जा लगी।
मृतक की पहचान सरमेरा थाना क्षेत्र के गौसनगर गांव निवासी उपेंद्र प्रसाद के 21 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में की गई है। हैरानी की बात यह है कि जिस दिन यह घटना हुई, उसी दिन शाम को छोटू का भी तिलक समारोह होने वाला था, जबकि उसकी शादी 27 अप्रैल को तय थी।
मृतक के चचेरे भाई सूरज कुमार ने बताया कि वह अपने भाई के साथ दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने अमावा गांव आया था। कार्यक्रम घर की दूसरी मंजिल की छत पर चल रहा था, जहां बार बालाओं का नाच हो रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई। जब वह ऊपर पहुंचा तो देखा कि छोटू खून से लथपथ फर्श पर पड़ा हुआ था।
सूरज ने बताया कि उसने मौके पर मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन वहां मौजूद लोग डर के कारण मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और युवक को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, समारोह में अवैध हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा था और फायरिंग उसी दौरान हुई। हालांकि पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि घटना की जांच जारी है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक पहले भी लूटपाट और आर्म्स एक्ट के मामलों में बाढ़ और बिहारशरीफ जेल जा चुका था। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली किसने चलाई और इसके पीछे क्या वजह थी।
यह घटना एक बार फिर शादी-ब्याह जैसे समारोहों में हर्ष फायरिंग के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है, जिससे एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छिन गईं।


