Hazaribagh News: बरही थाना अंतर्गत तिलैया डैम में गुरुवार को नहाने के दौरान डूबने से दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों बिहार के रहने वाले थे और अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए घूमने निकले थे। पिकनिक के बाद सभी डैम में नहाने उतरे थे। हादसे में तीन युवकों को बचा लिया गया, जबकि दो की जान नहीं बच सकी। घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है।
मृतकों की पहचान दीपक कुमार और प्रीतम अभिषेक (21 वर्ष), पिता मनोज कुमार, निवासी बिहार शरीफ के रूप में हुई है। दीपक पटना में लॉज में रहकर पढ़ाई करता था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

जन्मदिन मनाने निकले थे पांचों दोस्त
साथी सौरभ कुमार के अनुसार, पांचों युवक बुधवार रात करीब 9:30 बजे हटिया-इस्लामपुर ट्रेन से रवाना हुए थे। गुरुवार सुबह करीब तीन बजे पारसनाथ पहुंचे। वहां से ऑटो लेकर खंडोली गए, लेकिन डैम बंद रहने के कारण वापस ट्रेन से कोडरमा लौट आए। इसके बाद ऑटो से तिलैया डैम पहुंचे। यहां दोस्त सागर कुमार का जन्मदिन मनाने के बाद सभी ने पिकनिक की। इसके बाद पांचों दोस्त डैम में नहाने उतर गए। इसी दौरान प्रीतम अभिषेक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
दोस्त को बचाने उतरा दीपक, दोनों की मौत
प्रीतम को डूबता देख दीपक उसे बचाने के लिए पानी में आगे बढ़ा, लेकिन वह भी गहरे पानी में फंस गया। दोनों को परेशानी में देखकर सौरभ और सागर भी बचाने की कोशिश करने लगे। इस दौरान आदित्य कुमार ने प्रयास कर सौरभ और सागर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दीपक और प्रीतम गहरे पानी में डूब गए।
दोस्तों को डूबता देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर पास में मौजूद मछुआरे नाव लेकर पहुंचे और दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शुरू की आवश्यक कार्रवाई
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
हादसे में सुरक्षित बचे युवकों की पहचान सौरभ सुमन, निवासी मीठापुर बस स्टैंड, पटना; आदित्य कुमार, निवासी मीठापुर, पटना; और सागर कुमार (17 वर्ष), निवासी नदमा, मसौढ़ी के रूप में हुई है। सभी युवक बिहार के रहने वाले हैं। इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवारों और दोस्तों में शोक का माहौल है।


