Palamu News:- लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान पलामू जिले में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। खरना के दिन सोन नदी में नहाने गए तीन युवक गहरे पानी में डूब गए, जिनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। यह हादसा हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पोखराही गांव के पास हुआ, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया है।
डूबने वालों की पहचान बिहार के शेरघाटी निवासी अंकुश पासवान (22), इटवा (नवीनगर) निवासी आदर्श चंद्रवंशी (22) और पोखराही गांव निवासी रजनीश चंद्रवंशी (23) के रूप में हुई है। सभी युवक छठ पर्व के अवसर पर सोन नदी में स्नान करने पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 8 से 10 युवक नहाने के लिए नदी में उतरे थे। इस दौरान अचानक कुछ युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। वहां मौजूद साथियों ने किसी तरह दो युवकों को बचा लिया, लेकिन तीन युवक तेज धारा में बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही दंगवार ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की टीम और ग्रामीणों की मदद से देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा, लेकिन तीनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिला। प्रशासन ने सोन नदी के अन्य घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, हालांकि जहां यह हादसा हुआ वह कोई निर्धारित घाट नहीं था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पोखराही सहित आसपास के गांव के श्रद्धालु आमतौर पर सूर्य मंदिर स्थित दंगवार घाट में छठ करते हैं, लेकिन कुछ युवक उत्साह में सोन नदी के दूसरे हिस्से में नहाने चले गए, जहां पानी काफी गहरा था।
हादसे की खबर फैलते ही पोखराही गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार स्टीमर और तैराकों की मदद से खोज अभियान चला रही है।

