Patna News:- बिहार के नालंदा जिले में बुधवार को अलग-अलग इलाकों में वज्रपात की घटनाओं ने कहर बरपा दिया। भारी बारिश के बीच तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घटनाएं खेतों या खुले स्थानों में हुईं, जब लोग काम में व्यस्त थे। पहली घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के दाउदपुर विशंभर बीघा गांव की है। यहां यशोदा देवी नामक महिला खेत में धान रोप रही थीं, तभी तेज गर्जना और चमक के साथ वज्रपात हुआ और वे इसकी चपेट में आ गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यशोदा देवी परिवार की मुखिया थीं और उनके निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
दूसरी घटना वेना थाना क्षेत्र के गिरधर चक गांव में घटी, जहां रणधीर प्रसाद खेत में कार्य कर रहे थे। अचानक बिजली गिरने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
तीसरी घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव की है, जहां सीमा देवी अपने घर के आंगन में थीं। तेज बिजली गिरने से उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके अलावा दो अन्य व्यक्ति वज्रपात से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जिला प्रशासन ने बारिश और वज्रपात को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खुले स्थानों या खेतों में काम करते समय सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

