East Champaran News:- जिले में भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ एसपी स्वर्ण प्रभात ने कड़ी कार्रवाई की है। सिकरहना (ढाका) के डीएसपी रीडर सुमन कुमार को रिश्वत लेने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। बताया जाता है कि सुमन कुमार पिछले तीन वर्षों से एक ही पद पर जमे हुए थे और उनके खिलाफ लगातार भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं। डीएसपी उदय शंकर की अनुशंसा पर यह कार्रवाई की गई। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले भर में तीन साल से एक ही जगह कार्यरत डीएसपी और सर्किल इंस्पेक्टर कार्यालयों के रीडर और मुंशी का तत्काल तबादला किया जाए। इस सख्त कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
इसी कड़ी में सोमवार की रात एसपी के आदेश पर विभिन्न थानों में अचानक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जय बजरंग थाना के ओडी पदाधिकारी एसआई राजीव कुमार, गश्ती पदाधिकारी एएसआई अली असरफ और बिजधरी थाना के एएसआई दीनदयाल ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए।
इन तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ सर्किल इंस्पेक्टर नीरज पासवान की अनुशंसा पर निलंबन की कार्रवाई की गई। साथ ही एसपी ने इनके वेतन में कटौती का आदेश भी दिया है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने चेतावनी देते हुए कहा है कि भ्रष्ट आचरण, कर्तव्यहीनता और मनमानी करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने साफ किया कि पुलिस महकमे में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां एक ओर ईमानदार पुलिसकर्मी इस कदम का स्वागत कर रहे हैं, वहीं लापरवाह और भ्रष्ट प्रवृत्ति के लोग सकते में हैं। एसपी का यह संदेश साफ है कि अब जिले में भ्रष्टाचार और ड्यूटी से लापरवाही करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों पर तुरंत गाज गिरेगी।

