Rohtas News:- रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के नोक परासी गांव में गोवर्धन पूजा के मौके पर आयोजित दुगोला कार्यक्रम के दौरान देर रात गोलीबारी की घटना से अफरातफरी मच गई। इस फायरिंग में तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए, जिनमें दो सहोदर भाइयों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए बिक्रमगंज के करुणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों की पहचान लल्लू कुमार (28), शरद कुमार (25) — दोनों पिता बिनोद सिंह निवासी नोक परासी — और सत्येंद्र कुमार (32) पिता राजा राम सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शरद के गर्दन में और लल्लू के पेट में गोली लगी है, जबकि सत्येंद्र के पैर में गोली लगी है।
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार की रात गांव में प्रतिवर्ष की तरह दुगोला कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। व्यास अरविंद अभियंता और रामाशंकर सिंह के बीच कार्यक्रम चल रहा था, तभी किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और फायरिंग शुरू हो गई।
सूचना मिलते ही काराकाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक आर्म्स भी बरामद किया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के पीछे आपसी विवाद की आशंका है। उन्होंने कहा कि दोनों गुटों के बीच पहले से ही तनाव चल रहा था, जो इस कार्यक्रम के दौरान हिंसा में बदल गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोषियों की पहचान की जा रही है।

