Bihar News: भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खैरपुर कदवा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। यहां एक सेफ्टी टैंक में दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बमबम मंडल, जय नंदन मंडल और श्रीलाल मंडल के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सबसे पहले श्रीलाल मंडल टैंक के अंदर सफाई या मरम्मत कार्य के लिए उतरे थे। इसी दौरान टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। उन्हें बचाने के लिए जय नंदन मंडल बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतर गए, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए।
इसके बाद तीसरे मजदूर बमबम मंडल ने भी अपने साथियों को बचाने के लिए जान जोखिम में डालते हुए टैंक में प्रवेश किया, लेकिन दुर्भाग्यवश वे भी बाहर नहीं लौट सके। तीनों के अंदर फंस जाने के बाद स्थिति बेहद गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों ने चौथे व्यक्ति को रस्सी के सहारे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन उसकी भी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद यह प्रयास रोक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना समेत आसपास के तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ ओम प्रकाश और डीसीएलआर भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना की खबर मिलते ही बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और प्रत्येक परिवार को दो-दो लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया।
एक साथ तीन मजदूरों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।


