Rohtas News:- बिहार के रोहतास जिले में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नोखा थाना क्षेत्र के सासाराम–आरा पथ पर स्थित गंगहर टोला के पास हुआ, जब एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो (सीजी 04 एमके 0101) सासाराम की ओर से आ रही थी, जबकि टेंपो (बीआर 24 पीए 8788) बिक्रमगंज की दिशा में जा रहा था। गंगहर टोला के पास स्कॉर्पियो अचानक बेकाबू होकर सामने से आ रहे टेंपो में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान आशीष केशरी (25 वर्ष) पिता स्व. ललन प्रसाद केशरी, निवासी केशरवानी मोहल्ला, थाना नोखा; श्रीकांत प्रसाद (45 वर्ष) पिता दीनानाथ राम, ग्राम करमैनी खुर्द, थाना विक्रमगंज; और साहिल गुप्ता, पिता विश्वनाथ गुप्ता, ग्राम सिमरी मलियाबाग, थाना दावथ के रूप में की गई है।
वहीं, हादसे में विश्वास कुमार, पिता फुलेंद्र प्रसाद (ग्राम करमैनी खुर्द, थाना विक्रमगंज) और बिरजू कुमार, पिता अशोक प्रसाद (ग्राम बुढ़वल, थाना काराकाट) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद स्कार्पियो सवार चालक व उसके सहयोगी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क अंधेरे में बेहद खतरनाक रहती है और ओवरस्पीड वाहन आए दिन हादसे का कारण बनते हैं। प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की जा रही है।

