बकरी चराने निकली थीं पांच बच्चियां, बारिश में भीगने के बाद नहाने गई थीं तालाब, तीन की गई जान
Caimur News:- कैमूर जिले के मोहनिया प्रखंड के सकरौली गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। नहाने के दौरान तालाब में डूबकर तीन बच्चियों की मौत हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे हुई घटना
जानकारी के अनुसार, गांव की पांच बच्चियां बकरी चराने के लिए निकली थीं। इस दौरान बारिश की हल्की फुहार शुरू हो गई, जिससे वे भीग गईं। इसके बाद सभी बच्चियां गांव से पूरब दिशा में स्थित तालाब में नहाने चली गईं। नहाते समय तीन बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। वहीं किनारे पर मौजूद दो बच्चियों ने जब उन्हें डूबते देखा तो चीखते हुए गांव में भागीं और शोर मचाया। जब तक पहुंचे लोग, दम तोड़ चुकी थीं बच्चियां
गांववालों ने तत्काल तालाब की ओर दौड़ लगाई। लोगों ने उन्हें पानी से निकाला लेकिन तब तक तीनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी।
मृत बच्चियों की पहचान
उषा कुमारी, उम्र 11 वर्ष, पिता जीतन राम
महिमा कुमारी, उम्र 10 वर्ष, पिता भोरिक राम
सुनीता कुमारी, उम्र 10 वर्ष, पिता स्व. सुरेंद्र पासी
घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना प्रभारी प्रियेश प्रियदर्शी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भिजवा दिया।
क्या बोले ग्रामीण और जनप्रतिनिधि
दिनेश कुमार और कमलेश चौहान ने बताया कि बच्चियां बकरी चराने के लिए निकली थीं। बारिश के बाद नहाने चली गईं और यह हादसा हो गया।
जिला परिषद सदस्य गीता पासी ने घटना पर शोक जताते हुए प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन तक रिसीव नहीं किया।
थाना प्रभारी प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि, “तीनों बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।”

