Ranchi News:- रांची जिले के नरकोपी प्रखंड से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गुरुवार दोपहर लगभग तीन बजे बेयासी स्थित होंडपीड़ी प्राथमिक विद्यालय परिसर में वज्रपात की चपेट में आने से तीन मासूम छात्राओं की मौत हो गई, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत छात्राओं की पहचान 5 वर्षीय परी उरांव (केजी, प्राथमिक विद्यालय होंडपीड़ी), 7 वर्षीय अंजलिका उरांव (कक्षा 3, प्राथमिक विद्यालय होंडपीड़ी) और बासमती उरांव (कक्षा 6, राजकीय कृत मध्य विद्यालय कुल्लू) के रूप में की गई है। वहीं, केजी के छात्र अयांश उरांव गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज मांडर स्थित अस्पताल में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब स्कूल की छुट्टी के बाद सभी बच्चे अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच बासमती अपनी छोटी बहन अंजलिका और भाई अयांश को लेने स्कूल पहुंची थी। अचानक मौसम बदला और जोरदार बारिश के साथ तेज गर्जन के बीच वज्रपात हुआ। इसकी चपेट में आने से चारों बच्चे झुलस गए।
ग्रामीणों ने तत्काल बच्चों को मांडर के कॉन्टेंट लीवेंस हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन तब तक परी, अंजलिका और बासमती की मौत हो चुकी थी। अयांश को गंभीर स्थिति में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक बच्चियों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने और घायल छात्र के बेहतर इलाज की व्यवस्था की मांग की है।
झारखंड में मानसून के दौरान वज्रपात से होने वाली मौतें आम हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, खुले स्थान पर खड़े रहने या बिजली के खंभों और पेड़ों के पास जाने से वज्रपात का खतरा बढ़ जाता है। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा उपायों की जरूरत को सामने ला दिया है।

