Araria News:- जिले की साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल सिम चोरी कर बैंक खाते से ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक बुजुर्ग के खाते से अवैध रूप से 1 लाख 28 हजार 500 रुपये की निकासी की थी।
साइबर डीएसपी एवं थाना प्रभारी राजिया सुल्ताना ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर पूरी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को गरैया चिकनी निवासी 56 वर्षीय सुरेश प्रसाद यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात अपराधियों ने उनका मोबाइल सिम चोरी कर एसबीआई अररिया शाखा के खाते से 19 से 30 अगस्त 2025 के बीच कुल 1.28 लाख रुपये उड़ा लिए। शिकायत पर साइबर थाना में कांड संख्या 28/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया। तकनीकी विश्लेषण और एनसीआरपी पोर्टल के जरिए जब जांच आगे बढ़ाई गई तो खुलासा हुआ कि ठगी की रकम बोवारीवाद वार्ड संख्या 7 निवासी मो. आशिक की पत्नी के खाते में ट्रांसफर हुई है। पुलिस अभिरक्षा में लेने पर आशिक ने ठगी की बात स्वीकार की और अपने अन्य दो साथियों के नाम भी बताए।
गिरफ्तार आरोपियों में
मो. आशिक, पिता अब्दुल नसीम (बोवारीवाद, वार्ड 7)
अभिराज उर्फ मोजिम (24), पिता मो. सब्बीर आलम, निवासी चित्रगुप्तनगर वार्ड 21
मो. तौसीफ (30), पिता मो. आरफीन, निवासी बैरागाछी थाना क्षेत्र, मुंडेश्वरी रामपुर वार्ड 13
शामिल हैं।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी फर्जी अकाउंट खुलवाकर पैसों को ट्रांसफर करते और फिर नकदी निकाल लेते थे। गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
इस छापेमारी में साइबर डीएसपी राजिया सुल्ताना, एसआई सरोज कुमार, कुंदन कुमार, मनीषा कुमारी और होमगार्ड अनमोल कुमार यादव शामिल थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुटी है।
