Chaibasa News:– पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने रविवार को अवैध हथियार के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चाईबासा बहामन टूटी ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित रेणु को 13 दिसंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि चक्रधरपुर से चाईबासा क्षेत्र में एक आल्टो कार में कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने ग्राम शारदा के पास संदिग्ध आल्टो कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार तीन व्यक्तियों ने अपना नाम सरोज बोदरा, श्यामलाल केराई और सिकन्दर केराई बताया। तलाशी के दौरान सरोज बोदरा के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद हुई, जबकि कार की डिक्की से एक अन्य देशी कट्टा मिला। श्यामलाल केराई के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा हथियारों के वैध कागजात मांगने पर तीनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों देशी कट्टे, जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, 7,200 रुपये नकद और सिल्वर रंग की आल्टो कार (जेएच05वीभी-8505) जब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 8 दिसंबर को कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के तोरलो मोड़ के पास उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक व्यापारी से 85,000 रुपये की डकैती की थी, जिसमें फायरिंग भी की गई। इसके अलावा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के क्यापता गांव के पास एक बाइक सवार से नकद और मोबाइल लूटने की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने बरामद हथियारों के संबंध में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 202/2025 के तहत आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त श्यामलाल केराई का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराधियों की हरकतों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और आगे की जांच जारी है।

