Palamu News:- पलामू, 30 नवंबर (हि.स.)। छतरपुर थाना क्षेत्र के सिलदाग में पारा शिक्षक द्वारा स्कूल की रसोइया के साथ अवैध संबंध बनाने का दबाव देने और विरोध होने पर उसके पति की हत्या की साजिश रचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर पारा शिक्षक सहित तीन सुपारी किलरों को गिरफ्तार कर लिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।
सूत्रों के अनुसार पारा शिक्षक सत्यदेव विश्वकर्मा रसोइया से शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। महिला द्वारा विरोध करने और पति को जानकारी देने के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद शिक्षक ने महिला के पति की हत्या करने की योजना बनाई और इसके लिए 40 हजार रुपये में तीन अपराधियों को सुपारी दे दी।
गुप्त सूचना पर 29 नवंबर को छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद के नेतृत्व में की गई त्वरित कार्रवाई में पारा शिक्षक सहित तीनों सुपारी किलर गिरफ्तार किए गए। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में राजवंश परहिया, राजू साव, मंटू कुमार परहिया और पारा शिक्षक सत्यदेव विश्वकर्मा शामिल हैं। इनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली और दो चाकू भी बरामद किए गए।
योजना के अनुसार पहले गोली मारकर हत्या करने की साजिश थी। गोली नहीं लगने पर चाकू से वार कर हत्या करने की तैयारी थी। राजवंश परहिया को गोली चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी, जबकि राजू और मंटू चाकू से हमला करने वाले थे।
एसपी रीष्मा रमेशन ने रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में प्रेसवार्ता कर पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार राजवंश परहिया पहले भी डकैती कांड में जेल जा चुका है। वहीं पारा शिक्षक की उम्र 55 वर्ष है और उसके चार बेटे-बेटियां हैं, जिनमें से कुछ की शादी भी हो चुकी है। पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।

