Betia News:- नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने गुरुवार देर रात से शुक्रवार तक विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान लौरिया थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में गांजा और देसी चुलाई शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई वाहन जांच अभियान के दौरान हुई। पुलिस ने संदेहास्पद मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली, जिसमें 12.5 किलो गांजा बरामद किया गया। गांजा के साथ पकड़े गए दो युवकों की पहचान नितिन कुमार (21), पिता बिनोद पटेल और प्रंजन पटेल (20), पिता महेन्द्र पटेल दोनों निवासी ग्राम सोमगढ़ थाना साठी के रूप में हुई है। इनके पास से मोटरसाइकिल (BR22W5291) भी जब्त की गई।
दूसरे मामले में पुलिस ने सुभाष साहनी, पिता बढ़हु साहनी, निवासी मटियारिया कॉलोनी, थाना लौरिया को उसके घर से 5 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार में सक्रिय था।
तीनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और उत्पाद अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा और शराब की सप्लाई किन क्षेत्रों में की जाती थी और इनके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने किया। कार्रवाई में जयशल कुमार, सौरभ कुमार, पवन कुमार, निशी कुमारी, प्रिया रंजना और अमिताभ नयन राय समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जिले में किसी भी कीमत पर मादक पदार्थ और अवैध शराब के धंधे को पनपने नहीं दिया जाएगा।

