Nawada News:- बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद तस्करी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को नवादा जिले के बिहार–झारखंड अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित रजौली समेकित जांच चौकी से उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बस से भारी मात्रा में बियर और अंग्रेजी शराब बरामद की। उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि उत्पाद प्रभारी अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान कोलकाता से आ रही बंगाल टाइगर नामक बस की तलाशी ली गई। बस के ऊपर पैकिंग में छिपाकर रखी गई 96 केन बियर और 72 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से बस के चालक, उपचालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवादा जिले के इस्लामनगर निवासी कमरू खान (चालक), कोलकाता के हावड़ा निवासी हैदर अली (उपचालक) और नालंदा जिले के कानासराय गांव निवासी मो. मुस्ताक खान (खलासी) के रूप में की गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि कोलकाता स्थित एक एजेंट के जरिए बस में शराब की खेप लोड की गई थी और उसे बिहार के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाने की योजना थी। उत्पाद विभाग ने बस को भी जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। शराब की इतनी बड़ी खेप बरामद होना इस बात का सबूत है कि शराब माफिया लगातार नए-नए तरीकों से तस्करी का प्रयास कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रजौली जांच चौकी पर इस तरह की कार्रवाई से शराब तस्करी पर रोक लगेगी और प्रशासन को लगातार सख्ती बरतनी चाहिए।

