Patna News : बिहार के पर्यटकों और पटना वासियों के लिए एक अच्छी खबर है। गंगा नदी में क्रूज का मजा लेने वालों के लिए रो-पैक्स वेसल क्रूज एमवी स्वामी परमहंस एक बार फिर तैयार है। यह क्रूज मार्च के पहले सप्ताह से दोबारा अपनी सेवाएं शुरू करने जा रहा है। पिछले करीब पांच महीनों से यह क्रूज कोलकाता के ड्राई-डॉक सेंटर में मरम्मत और तकनीकी जांच के लिए गया हुआ था, जिसका काम अब पूरा हो चुका है।
सुरक्षा और तकनीक पर खर्च हुए 50 लाख रुपये
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) द्वारा संचालित इस क्रूज की तकनीकी मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर खास ध्यान दिया गया है। इसके लिए लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। नियमों के मुताबिक, हर पांच साल में किसी भी जलयान का ड्राई-डॉक अनिवार्य होता है। इस दौरान क्रूज के इंजन, नेविगेशन सिस्टम और बाहरी ढांचे की गहन जांच की गई।
फरवरी के अंत तक पटना पहुंचेगा क्रूज
कोलकाता से रवाना होने के बाद यह क्रूज फरवरी के अंत तक पटना के दीघा घाट पहुंच सकता है। इसके बाद जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर मार्च की शुरुआत में पर्यटकों के लिए इसे खोल दिया जाएगा। बता दें कि यह क्रूज केंद्र सरकार की ओर से बिहार में रिवर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए उपहार स्वरूप दिया गया था।
300 यात्रियों की क्षमता, 45 मिनट का शानदार सफर
22 अगस्त 2023 को पर्यटन विभाग और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के बीच हुए समझौते के बाद पटना में रिवर क्रूज पर्यटन की विधिवत शुरुआत हुई थी। 300 यात्रियों की क्षमता वाला यह क्रूज 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दीघा घाट से मीनार घाट और जेपी सेतु तक का सफर कराता है। पूरा चक्कर करीब 45 मिनट में पूरा होता है।
Read More : Delhi News : दिल्ली पुलिस और AAP कार्यकर्ताओं में झड़प, सौरभ भारद्वाज समेत कई नेता हिरासत में
किराया पहले जैसा, निजी कार्यक्रमों के लिए पैकेज
पर्यटन निगम के अधिकारियों के मुताबिक, क्रूज का किराया पहले की तरह ही रहेगा। आम यात्रियों के लिए टिकट 250 रुपये प्रति व्यक्ति तय है। वहीं बर्थडे पार्टी, रिंग सेरेमनी या निजी कार्यक्रमों के लिए एक घंटे का पैकेज 30 हजार से लेकर आठ घंटे का पैकेज 1.50 लाख रुपये तक रखा गया है।

