Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन सूबे के दोनों बड़े गठबंधनों—राजग (एनडीए) और महागठबंधन—में सीट बंटवारे को लेकर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। दोनों पक्षों में जारी मंथन से राज्य की सियासत में सरगर्मी बढ़ गई है। राजग खेमे में सीट शेयरिंग और उम्मीदवारों के चयन पर लगातार बैठकों का दौर जारी है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सभी सहयोगी दलों के साथ बातचीत लगभग पूरी हो चुकी है और किसी को कोई नाराजगी नहीं है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि सीट बंटवारे की घोषणा जल्द ही केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
इसी बीच, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी से मुलाकात की। दोनों बैठकों में सीटों के वितरण पर गहन चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही एनडीए की ओर से आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
दूसरी ओर, महागठबंधन के अंदर भी सीट बंटवारे को लेकर मतभेद खत्म नहीं हुए हैं। पटना स्थित राबड़ी देवी आवास पर राजद की बड़ी बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता लालू प्रसाद यादव ने की। बैठक में तेजस्वी यादव और प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि बैठक के बाद तेजस्वी यादव दिल्ली रवाना होंगे, जहां वे राहुल गांधी से मुलाकात कर महागठबंधन की सीटों पर अंतिम बातचीत करेंगे।
इस बीच, भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने साफ किया कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा बरकरार रखेंगे। वहीं, पूर्व सांसद अरुण कुमार अपने बेटे ऋतुराज के साथ जदयू में शामिल हो गए हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, पहले चरण का नामांकन 10 से 17 अक्टूबर तक और दूसरे चरण का नामांकन 13 से 21 अक्टूबर तक चलेगा। अब सभी दल जल्द से जल्द अपने उम्मीदवारों की घोषणा में जुटे हैं।

