Jamshedpur News:- जमशेदपुर के साकची स्थित प्रसिद्ध आभूषण प्रतिष्ठान बीणापानी ज्वेलर्स में बुधवार को हुई चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान में आया और दुकानदार को चकमा देते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये की सोने की चेन चोरी कर फरार हो गया।
वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी को चेन चोरी करते और दुकान से निकलते हुए साफ़ देखा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना राजू बर्मन के स्वामित्व वाले बीणापानी ज्वेलर्स में हुई। आरोपी ने दुकानदार से कई चेन दिखाने को कहा और खरीदारी का भरोसा दिलाने के लिए बार-बार जेब से नोट निकालकर दिखाता रहा। मौके का फायदा उठाकर उसने एक सोने की चेन बड़ी चतुराई से उठा ली और धीरे-धीरे दुकान से निकल गया।
दुकानदार को कुछ देर बाद चोरी का पता चला, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घटना की जानकारी दो दिन बाद पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी गई, जिन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए साकची थाना प्रभारी को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। राष्ट्रीय स्वर्णकार मंच के अध्यक्ष रंजीत बर्मन ने समिति के सदस्यों के साथ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।

