Purnia News:- पूर्णिया के बायसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला ने एक साथ चार बच्चियों को जन्म दिया है। इस घटना की जानकारी फैलते ही पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रसव कराने के लिए महिला को बायसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। प्रसव के दौरान एएनएम और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी तत्परता और मेहनत से सभी चार बच्चियों को सुरक्षित जन्म दिलाया गया।
स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एएनएम ने बताया कि अपने जीवन में पहली बार उन्होंने इस तरह का मामला देखा है। उन्होंने कहा कि एक साथ चार बच्चियों का जन्म कराना बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन खुशी इस बात की है कि मां और सभी बच्चियां पूरी तरह स्वस्थ हैं।
मां का नाम हसीरुन और पिता का नाम कैसर आलाम है। यह परिवार बायसी प्रखंड के छतियन पोखरिया, बनगामा पंचायत का रहने वाला है। उल्लेखनीय है कि हसीरुन पहले से ही चार बच्चों की मां हैं, जिनमें दो लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। अब परिवार में कुल आठ बच्चे हो गए हैं।
डॉक्टरों ने बताया कि प्रसव के बाद शुरुआती जांच में मां और बच्चियों की स्थिति सामान्य पाई गई, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें बेहतर इलाज और निगरानी के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
ग्रामीणों और परिजनों में खुशी का माहौल है। लोग इसे ईश्वर का आशीर्वाद मान रहे हैं और जच्चा-बच्चा के स्वस्थ रहने की दुआ कर रहे हैं।
इस घटना से एक बार फिर यह साफ हुआ कि ग्रामीण स्तर के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी अगर टीम सजग और अनुभवी हो तो कठिन हालात से निपटा जा सकता है।

