East Champaran News:- चिरैया थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अमोद हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिकरहना डीएसपी उदय शंकर के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी, प्रेमी और शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। मामला 16 सितंबर का है, जब मोहद्दीपुर गांव निवासी राम अदया प्रसाद यादव का पुत्र अमोद कुमार (30 वर्ष) अपनी बहन के घर खोड़ा गांव से लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने विशेष टीम का गठन किया।
जांच के क्रम में पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी सुरभिता कुमारी उर्फ सोनी कुमारी का सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र के मासहा नरोतम गांव निवासी विकास कुमार (22 वर्ष) के साथ अवैध संबंध था। पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स से पता चला कि घटना के दिन पत्नी ने अपने प्रेमी और शूटर को पति का लोकेशन मोबाइल पर भेजा था। उसी आधार पर अपराधियों ने अमोद की हत्या कर दी।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विकास कुमार को छतौनी थाना क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। बाद में पुलिस ने मृतक की पत्नी और शूटर को भी गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, अपाची मोटरसाइकिल और तीन एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस सफल उद्भेदन के बाद पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने टीम को बधाई दी और पदाधिकारियों व जवानों को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की है। जांच टीम में सिकरहना डीएसपी उदय शंकर, ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय, मेजरगंज थानाध्यक्ष ललित कुमार, चिरैया थानाध्यक्ष महेश कुमार, एसआई उत्तम कुमार, खगेश झा, मधुकर कुमार, मधुमालिनी कुमारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

