Palamu News:– झारखंड के पलामू जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी से एक साल से अनबन चल रही थी — और इसी रंज में एक पिता ने अपने ही बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी।यह घटना पांकी थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव की है। आरोपी पिता अमित कुमार ठाकुर ने अपने पुत्र सूरज कुमार ठाकुर की 4 अक्टूबर की रात सोते समय टांगी से 10 से 15 बार वार कर गला काट दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पत्नी से बीते एक वर्ष से संबंध खराब थे। दोनों में बातचीत बंद थी, लेकिन बेटा सूरज अपनी मां से नियमित रूप से संपर्क करता था और नाना-नानी के घर भी जाता था। बार-बार मना करने के बावजूद बेटे के न मानने से आरोपी नाराज था।हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने 24 घंटे के भीतर करमाई घाटी जंगल के ऐनवा मैनवा टोला से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अमित ने अपराध कबूल कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी, खून से सना टी-शर्ट और गमछा बरामद किया है। आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि किसी भी घटना के बाद कानून अपने हाथ में न लें और विधि-व्यवस्था बनाए रखें। ऐसा न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


