–घोड़ासहन में डिप्टी सीएम बोले-तेजस्वी बताएं, डेढ़ साल की उम्र में कैसे बने करोड़पति
East Champaran News: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार का दौर अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी कड़ी में शनिवार को ढाका विधानसभा क्षेत्र के टोनवा हाई स्कूल मैदान में एनडीए प्रत्याशी पवन जायसवाल के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला।
सम्राट चौधरी ने कहा, लालू यादव ने कहा था कि बिहार की सड़कें हेमा मालिनी के गाल जैसी होंगी, लेकिन उनकी सरकार में सड़कें ओम पुरी के गाल जैसी बन गईं थी। पता ही नहीं चलता था कि सड़क में गड्डा है या गड्ढे में सड़क है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने पिछले सालों में विकास की वह तस्वीर पेश की है, जिसकी कल्पना पहले संभव नहीं थी।
सम्राट चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के हर घर नौकरी के वादे पर तंज कसते हुए कहा कि, जब उनके पिता को 15 साल का मौका मिला तब एक भी नौकरी नहीं दे पाए, तो बेटा 20 महीने में क्या कर लेगा? केवल घोटाला ही कर सकता है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, तेजस्वी यादव को बताना चाहिए वह महज डेढ़ साल की उम्र में करोड़पति कैसे बन गये। यह फॉर्मूला क्या था, ताकि आम जनता भी उसका लाभ उठा सके।
डिप्टी सीएम ने कहा, लालटेन का मतलब है लालू प्लस टेन यानी लालू, राबड़ी और उनके नौ बच्चे। ये लोग सिर्फ अपने परिवार के विकास के बारे में सोचते हैं, जनता के बारे में नहीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ढाका की जनता इस बार एनडीए प्रत्याशी पवन जायसवाल को भारी मतों से विजयी बनाए, ताकि क्षेत्र का विकास और तेज़ी से हो सके। सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सम्राट चौधरी के भाषण के दौरान सम्राट चौधरी जिंदाबाद और फिर एक बार, एनडीए सरकार के नारों से पूरा मैदान गूंज रहा था।

