Bhagalpur News:- बिहार के भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के प्रभारी थानेदार सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वे मृतक के परिजनों को गाली-गलौज करते और धमकाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
दरअसल, श्राद्ध भोज के दौरान करंट लगने से पंकज कुमार नामक युवक की मौत हो गई थी। गंभीर हालत में परिजन उसे सन्हौला अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि उन्हें आधे घंटे तक इंतजार कराया गया और डॉक्टर ने बिना ठीक से जांच किए युवक को मृत घोषित कर दिया। इस लापरवाही से नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया।
स्थिति संभालने जब पुलिस पहुंची तो परिजनों ने इलाज में देरी और लापरवाही पर सवाल उठाया। इसी बीच थानेदार राजेश कुमार भड़क गए और परिजनों से कहने लगे –
“जिसे वोट देते हो, उसके पास जाओ, मुख्यमंत्री से पूछो अस्पताल में सुविधा क्यों नहीं है। पुलिस अस्पताल नहीं चलाती।”
वीडियो में थानेदार यह भी कहते सुनाई दिए कि लोग उम्मीद करते हैं कि सरकारी अस्पताल में निजी अस्पताल जैसी सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन यह संभव नहीं है। उन्होंने परिजनों से दो बार “मुख्यमंत्री के पास जाने” की बात कही और धमकी भरे लहजे में समझाने की कोशिश की।
वीडियो वायरल होते ही मामला राजनीतिक रंग ले लिया। भाजपा प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र शाह ने कहा कि किसी पुलिस अधिकारी को इस तरह सरकार पर सवाल खड़ा करने या मृतक परिवार को धमकाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर भी गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
मृतक के चाचा ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी डॉक्टर को बचाने का काम कर रहे थे और परिजनों को डराने-धमकाने की कोशिश की। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि थानेदार का रवैया असंवेदनशील और पक्षपाती था, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
अब देखना यह होगा कि इस विवादित बयान पर विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई की जाती है।

