Nawada News;- नवादा जिले के सिरदला प्रखंड में शुक्रवार को पटना निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए कर्मचारी की पहचान रणजीत कुमार उर्फ रणजीत पासवान के रूप में हुई है, जो अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारी सह राजस्व अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत चौकियां के निवासी उमेश कुमार ने 10 जुलाई को निगरानी विभाग, पटना को शिकायत दी थी कि 6 डिसमिल जमीन के दाखिल-खारिज के लिए उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के आधार पर निगरानी थाना कांड संख्या 55/25, दिनांक 24 जुलाई 2025 को दर्ज किया गया था।
जांच में आरोप की पुष्टि होने के बाद निगरानी टीम ने शुक्रवार को सिरदला अंचल कार्यालय में गार्ड रूम के पास से रणजीत कुमार को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा। इसके बाद टीम ने उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ पटना निगरानी थाना ले गई, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
कार्रवाई का नेतृत्व निगरानी विभाग पटना के डीएसपी आदित्य राज ने किया। इस ऑपरेशन में उनके साथ इंस्पेक्टर मुरारी प्रसाद, सिपाही राजीव कुमार, हिमांशु कुमार और शशिकांत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ आम जनता में भरोसा जगा है। निगरानी विभाग का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

