Jharkhand News: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसके शव को छिपाने की कोशिश की। हलांकि पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए महिला का शव बरामद कर लिया है और आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मृतका पांच माह की गर्भवती थी।
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत झगरूडीह गांव निवासी सोनू देवी ने तिलैया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी 25 वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी की हत्या उसके पति पवन सोनार ने कर दी है और शव को कहीं छिपा दिया है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। बता दें कि 4 अप्रैल को दामाद ने ही अपनी सास को फोन कर पत्नी की सिलवट से मारकर हत्या करने की बात कहीं थी। लेकिन जब पुलिस तिलैया बस्ती स्थित घर पर पहुॅची तो वहां कुछ भी नही मिला था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। साथ ही अन्य थानों और एजेंसियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली। तिलैया थाना क्षेत्र के ग्राम गुमो स्थित सतपुलिया के पास झाड़ियों में काले प्लास्टिक में लिपटा एक शव बरामद किया गया। मृतका के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान प्रीति कुमारी के रूप में की। घटना के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम को मौके पर बुलाया, जिसने साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने इस वारदात में इस्तेमाल किए गए ई-रिक्शा को भी गिरिडीह जिले से बरामद कर लिया है, जिससे आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने में मदद ली थी।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पत्नी ने पति को बेलन से मार दिया, जिससे गुस्से में आकर पति ने पत्नी की सिलवट से मारकर हत्या कर दी। पति पेशे से टोटो ड्राइवर है। मृतका की एक 3 वर्षीय पुत्री है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी पवन सोनार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग हैरान हैं।


