Koderma:- 21 जून। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोडरमा जिला प्रशासन के तत्वावधान में झुमरी तिलैया के शिव वाटिका में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में आम नागरिकों के साथ-साथ जिले के कई वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके पश्चात सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास में भाग लिया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक श्री अनुदीप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती रिया सिंह और अपर समाहर्ता श्रीमती पूनम कुजुर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में उपायुक्त श्री ऋतुराज ने योग को भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि,
“योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का भी माध्यम है। यह आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्थिरता और संयम प्रदान करता है।”
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
पतंजलि योगपीठ के योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया, जिसमें स्कूली बच्चों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस वर्ष की थीम “योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ“ रही, जो मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण के बीच परस्पर संबंध को रेखांकित करती है। यह थीम योग को वैश्विक शांति, एकता और करुणा से जोड़ने का संदेश देती है।

