Ranchi News:- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज देश और दुनिया की नजर झारखंड पर है, क्योंकि यहां अवसरों की कोई कमी नहीं है।
राज्यपाल ने कहा कि आधारभूत संरचना, ऊर्जा, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और खेल—हर क्षेत्र में झारखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ राज्य सरकार की सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए बताया कि अब तक 197 नक्सली गिरफ्तार हुए, 17 मारे गए और 10 ने आत्मसमर्पण किया है। कानून-व्यवस्था, भाईचारा और शांति बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान समृद्धि योजना के तहत 90% अनुदान पर सौर पंपसेट दिए जा रहे हैं और कृषि ऋण माफी योजना में 5 लाख किसानों का 2,300 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया है। मत्स्य उत्पादन में भी झारखंड ने 3.5 लाख मीट्रिक टन से अधिक उत्पादन कर रिकॉर्ड बनाया है।
गरीब और जरूरतमंदों के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और पीवीटीजी डाकिया योजना के तहत मुफ्त अनाज घर-घर पहुंचाया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य योजना के तहत 15 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। साथ ही, कई जिलों में नए मेडिकल कॉलेज और 10,000 करोड़ रुपये की लागत से सुपर स्पेशियलिटी रिम्स-2 का निर्माण हो रहा है।
शिक्षा क्षेत्र में राज्यपाल ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत शिक्षकों का पेशेवर प्रशिक्षण चल रहा है। नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तर्ज पर तीन नए विद्यालयों को स्वीकृति दी गई है और 100 उत्कृष्ट विद्यालय शुरू करने की दिशा में कार्य हो रहा है। ड्रॉपआउट दर घटाने के लिए कक्षा 8 के लगभग 4 लाख विद्यार्थियों को साइकिल वितरण योजना का लाभ मिलेगा।
राज्यपाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा झारखंड बनाना है, जहां हर नागरिक सुरक्षित, शिक्षित और समृद्ध हो, और राज्य विकास की हर दौड़ में देश का अग्रणी हिस्सा बने।
