East Champaran News:- जिले के छतौनी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सनराइज हॉस्पिटल में जमकर तोड़फोड़ की और शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशितों ने आगजनी भी की, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा।
मृतक की पहचान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के मजूरहा गांव निवासी बबलू कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बबलू की शादी एक महीने पहले ही हुई थी और वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों का कहना है कि बबलू को गंभीर हालत में छतौनी बाइपास स्थित सनराइज हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की। कुछ रुपये कम रहने पर डॉक्टरों ने ऑक्सीजन और दवा बंद कर दी, जिससे बबलू की मौत हो गई।
रविवार को बबलू अपने छह दोस्तों संग ई-रिक्शा से घूमने निकला था। बंजरिया थाना क्षेत्र के सिंघिया गुमटी के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सभी छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को सदर अस्पताल लाया गया। वहां से बबलू को गंभीर स्थिति देखते हुए सनराइज हॉस्पिटल रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
बबलू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी मां और नई-नवेली दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आगजनी कर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया।
सूचना पर छतौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में घायल अन्य युवकों की पहचान छोटू (16), छोटू (17), प्रिनाशु (19), सोनू (17) और विक्की (19) के रूप में हुई है। सभी का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर अभी तक कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, जब सनराइज हॉस्पिटल से इस आरोप पर पक्ष जानने की कोशिश की गई तो मौजूद डॉक्टरों ने टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
