Nawada News: जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के जोराबर बिगहा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। गांव के बधार में 17 वर्षीय युवक सोनू कुमार का शव गला रेतकर फेंका हुआ पाया गया। सोनू, सुरेन्द्र चौहान का पुत्र था और रविवार रात करीब 8:30 बजे वह अपने दोस्त के साथ घर से निकला था। इसके बाद सोमवार सुबह उसका शव गांव के पास सड़क किनारे गड्ढे में मिला।
सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव को देखकर शोर मचाया जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। नारदीगंज थानाध्यक्ष प्रभा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही एसएफएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया और कहा कि इस हत्याकांड में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी। हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने सड़क पर हंगामा करते हुए हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की। मृतक के पिता ईंट भट्ठा पर मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। परिवार में मृतक की एक शादीशुदा बहन और एक छोटा भाई है। इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

