Katihar News:- बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी अंचल अंतर्गत ग्राम पंचायत धुरियाही के वार्ड संख्या 3, 4, 5 और 6 में गंगा नदी के तेज कटाव ने एक बार फिर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रहे तटवर्ती कटाव के चलते कई परिवारों के घर खतरे में आ गए हैं, और अब तक कम से कम पांच घर कटाव की चपेट में आ चुके हैं। प्रभावित परिवार अपना आशियाना छोड़कर ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हो गए हैं। अंचल अधिकारी ने तत्काल राहत के तौर पर पॉलीथीन शीट वितरण कराया है और नदी किनारे रह रहे अन्य परिवारों को भी सतर्क रहने व सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल काढ़ा गोला के कार्यपालक अभियंता ने कटावग्रस्त इलाकों का निरीक्षण किया और बताया कि गंगा नदी में जलस्तर घटने के बाद कटाव की रफ्तार फिर से तेज हो गई है। उन्होंने मौके पर ही हाथी पाओ, बांस, बालू से भरे बोरे डालकर कटाव को नियंत्रित करने का निर्देश दिया है।
अधिकारी ने यह भी बताया कि जुलाई के पहले सप्ताह में भी कटाव शुरू हुआ था, जिसे तात्कालिक उपायों से रोका गया था। लेकिन अब पुनः कटाव बढ़ गया है, जिसे थामने के लिए तकनीकी प्रयास तेजी से चलाए जा रहे हैं।
प्रशासन की ओर से यह भरोसा दिया गया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी और कटाव रोकने के लिए स्थायी समाधान की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
इस खबर को भी पढ़ें : मुख्यमंत्री नीतीश की एक और सौगात, शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक, मिड डे मील रसोइयों और नाइट वॉचमैन के मानदेय में दोगुनी बढ़ोतरी
इस खबर को भी पढ़ें : पटना में आग से दो बच्चों की जलकर दर्दनाक मौत, हत्या की आशंका

