Dhanbad News:- धनबाद रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्टेशन के साउथ प्लेटफॉर्म एग्जिट गेट पर लगे लगेज स्कैनिंग मशीन में एक छोटे बच्चे का हाथ फंस गया, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घायल बच्चे की पहचान शुभम अग्रवाल के रूप में हुई है। वह राजीव रंजन अग्रवाल उर्फ बबलू अग्रवाल का पुत्र है, जो पुराना बाजार, धनबाद के निवासी हैं। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात अग्रवाल परिवार इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से धनबाद पहुंचा था। बारिश के कारण परिवार कुछ समय के लिए स्टेशन के एग्जिट गेट के पास रुक गया। इसी दौरान खेलते-खेलते शुभम लगेज स्कैनिंग मशीन के पास पहुंच गया और उसका हाथ मशीन के अंदर फंस गया।
घटना देखते ही परिजनों की चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्टेशन कर्मियों ने तुरंत मशीन का संचालन बंद कराया और बच्चे को निकालने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद, मशीन के प्लेट को कटर की मदद से काटकर बच्चे का हाथ सुरक्षित बाहर निकाला गया।घटना के बाद बच्चे को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि शुभम का हाथ हल्का घायल हुआ है, लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित है।स्टेशन प्रबंधन ने बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जाएगी। रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में बच्चों की निगरानी बढ़ाने की अपील की है।

