Patna News:- सिवायबिगहा गांव में दहेज के लिए 20 साल की महिला की हत्या कर दी गई। मृतका का नाम गुड़िया कुमारी था। वह मनीष यादव की पत्नी थी। आरोप है कि ससुराल वालों ने जबरन जहर पिलाकर उसकी जान ली। हत्या के बाद शव को खलिहान में पुआल के नीचे छिपा दिया गया।

गुड़िया के भाई हरेराम कुमार ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर मारपीट करते थे। कुछ दिन पहले भी मारपीट हुई थी। तब मायके वाले पहुंचे थे। दोनों पक्षों को समझाया गया था। इसके बाद भी प्रताड़ना जारी रही।
शुक्रवार रात पड़ोसी ने सूचना दी कि गुड़िया को पीटने के बाद जबरन जहर पिलाया गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार वाले पहुंचे तो घर के लोग फरार थे। खलिहान में पुआल हटाने पर शव मिला।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों ने सास, ननद और देवर पर केस दर्ज कराया है। जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ होगी।