बेगूसराय।

लाखो ओपी क्षेत्र स्थित जोहरा बाबा के समीप कोठिया से पुलिस ने एक युवक का शव पेड़ से लटकता बरामद किया है। मृतक की पहचान मुंगेर जिला निवासी पिंटू कुमार के रुप में की गई है। मृतक 2 दिनों से लापता था। जानकारी अनुसार तीन-चार दिन पहले अपनी पत्नी की मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए वह लाखों आया था। जहां से 2 दिन पहले गायब हो गया था। परिजनों के अनुसार मृतक के गायब होने के बाद परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। इसे लेकर थाने में गुमशुदगी का मामला भी दर्ज कराया गया था।
जानकारी अनुसार शनिवार की शाम उसने अपनी पत्नी से फोन पर बात कर लाखों आने की बात कही थी। लेकिन रात में ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी लाश पेड़ से लटकता हुआ बरामद किया। मृतक के गले में लंबे कपड़े का फंदा लगा हुआ था। साथ ही उसके पास से एक रेडमी कंपनी का मोबाइल भी बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर गहन जांच-पड़ताल कर रही है।