भागलपुर। पुलिस ने मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के भतोड़िया से गोलहु जाने वाली प्रमुख सड़क के किनारे रविवार को एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। उसके शरीर पर गोलियों के निशान है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। आशंका है कि अपराधियों ने गोली मारकर व्यक्ति की हत्या कर दी है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।

जानकारी अनुसार मृतक के शरीर पर पांच से छह गोलियों के निशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हत्या कहीं अन्यत्र कर यहां पर शव को फेंका गया है। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार की देर रात एक उजले रंग की चार पहिया वाहन गांव में देखी गई थी। आशंका है कि चार पहिया वाहन से ही शव यहां पर ठिकाने लगाया गया है। यह भी चर्चा है कि अवैध संबंध को लेकर हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।
उल्लेखनीय हो कि शहर में 24 घंटे के अंदर यह दूसरी हत्या की घटना सामने आई है। बीते शाम लोदीपुर थाना क्षेत्र के बाईपास के पास जमीन दिखाने के नाम पर युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम किया था। सुबह-सुबह मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र में हत्याकांड को लेकर शहर में पुलिस के गश्ती और मुस्तैदी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक के द्वारा क्राइम मीटिंग कर सभी थाना प्रभारियों को अपराध की रोकथाम के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं। उसके बावजूद लगातार दो घटना पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर रहे हैं।