Koderma News:- झुमरीतिलैया में सोमवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक कंपनी के सहायक प्रबंधक ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना तिलैया थाना क्षेत्र के नरेश नगर वार्ड संख्या 1 की है। मृतक की पहचान ओडिशा के भुवनेश्वर निवासी 34 वर्षीय विश्व रंजन दास, पिता विष्णु रंजन दास, के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार विश्व रंजन दास झुमरीतिलैया के तिलैया डैम स्थित फ्लोटिंग सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट में स्टारलिंक एंड विल्सन कंपनी में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। वे नरेश नगर इलाके में किराए पर रहते थे। रविवार की रात उन्होंने अपने साथियों के साथ भोजन किया और बातचीत के बाद कमरे में सोने चले गए।
सोमवार की सुबह जब कुछ कर्मचारी उन्हें बुलाने पहुंचे तो दरवाजा बंद मिला। काफी देर आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो साथी कर्मियों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। विश्व रंजन गमछे के सहारे पंखे की कुंडी से लटके हुए थे।
सहकर्मियों ने बताया कि खुदकुशी से पहले विश्व रंजन ने फोन पर उन्हें कहा था कि वह काफी परेशान है और अपनी जिंदगी खत्म करने जा रहा है। इसके बाद सभी साथी घबराकर दौड़े-दौड़े उनके कमरे तक पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
घटना की जानकारी कंपनी प्रबंधन को दी गई और फिर पुलिस को सूचना दी गई। तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह से परेशान होकर आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके देर रात तक कोडरमा पहुंचने की उम्मीद है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इस घटना से इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया है।


