Patna News:- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बुधवार को एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो जीविका दीदियों और संविदा कर्मियों को स्थायी सरकारी नौकरी दी जाएगी। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि “जीविका दीदी के साथ राज्य सरकार ने जो अन्याय किया है, वैसा कहीं नहीं हुआ। पूरे बिहार दौरे के दौरान जीविका दीदियों ने अपनी समस्याएं और दर्द हमारे सामने रखा। उसी को देखते हुए हमने निर्णय लिया है कि कम्युनिटी मोबिलाइजर जीविका दीदी को सरकारी कर्मी का दर्जा देकर 30 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।”
तेजस्वी ने आगे कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद बिहार के हर उस परिवार को सरकारी नौकरी दी जाएगी, जिसके घर में किसी की सरकारी नौकरी नहीं है। उन्होंने वादा किया कि सरकार बनने के 20 दिनों के भीतर यह योजना लागू की जाएगी।
महिलाओं के लिए विशेष योजना का जिक्र करते हुए तेजस्वी ने कहा कि “हमने ‘माई-बहिन मान योजना’ की घोषणा की है, जिसके तहत महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपये दिए जाएंगे। जिनके पास घर या स्थायी आमदनी नहीं है, उनके लिए भी सरकार विशेष प्रावधान करेगी।”
तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में अब बदलाव का समय आ गया है। “राज्य को अब पढ़ाई, कमाई, सिंचाई, दवाई और कार्रवाई वाली सरकार चाहिए,” उन्होंने कहा। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी घोषणाओं की नकल मौजूदा सरकार कर रही है। उन्होंने कहा, “हमने महिलाओं के लिए ‘माई-बहिन मान योजना’ की बात की थी, उसी से परेशान होकर सरकार ने महिलाओं को रोजगार के नाम पर 10-10 हजार रुपये देना शुरू किया। सवाल यह है कि सिर्फ 10 हजार रुपये में कोई महिला कौन-सा रोजगार करेगी? यह अमित शाह बताएं।”
तेजस्वी की घोषणाओं से चुनावी माहौल में नई हलचल मच गई है।

