Saharsa News:- बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के सलखुआ स्थित महंथ मिट्ठू दास उच्च विद्यालय मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। यह सभा महागठबंधन प्रत्याशी युसूफ सलाउद्दीन के समर्थन में आयोजित की गई थी।
तेजस्वी यादव पटना से हेलिकॉप्टर के जरिए सभा स्थल पहुंचे, जहां मंच पर मौजूद महागठबंधन के नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी, इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी के अध्यक्ष और सहरसा विधानसभा के प्रत्याशी आईपी गुप्ता, महिषी के प्रत्याशी डॉ. गौतम कृष्ण और सोनवर्षा विधानसभा क्षेत्र की प्रत्याशी सरिता पासवान भी मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में बिहार को सिर्फ बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार मिला है। उन्होंने कहा, “एनडीए ने बिहार को अंधेरे में धकेल दिया है। अब जनता को बदलाव का समय आ गया है।”
तेजस्वी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे विकास, शिक्षा और रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों पर मतदान करें। उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान और प्रदेश में बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने सिमरी बख्तियारपुर से युसूफ सलाउद्दीन, सहरसा से आईपी गुप्ता, महिषी से डॉ. गौतम कृष्ण और सोनवर्षा से सरिता पासवान को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। सभा के दौरान ‘तेजस्वी यादव जिंदाबाद’ के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा।

