Nawada News:- पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शनिवार को नवादा जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में महागठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं कीं। उन्होंने नवादा, गोविंदपुर, हिसुआ, वारिसलीगंज और रजौली विधानसभा क्षेत्रों में हवाई दौरा कर मतदाताओं से संवाद किया और बिहार के विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया।
हिसुआ विधानसभा क्षेत्र के नेमदारगंज स्थित मनरेगा भवन मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी नीतू देवी के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार को एक नया, आधुनिक और विकसित राज्य बनाने के लिए सत्ता परिवर्तन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य से बेरोजगारी, पलायन, अपराध और भ्रष्टाचार को खत्म करने का संकल्प उन्होंने लिया है।
तेजस्वी यादव ने वादा किया कि महागठबंधन की सरकार बनने पर हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा 200 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य, महिलाओं के लिए ‘माई-बहन मान योजना’ के तहत 2,500 रुपये मासिक सहायता और 500 रुपये में गैस सिलेंडर जैसी योजनाएं लागू की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिहार को “चिंता मुक्त और चेंज मेकर” राज्य बनाने का अवसर है। उन्होंने लोगों से अपील की कि लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और महागठबंधन के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं।
सभा में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष उदय यादव, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रेणु सिंह, हिसुआ नगर परिषद अध्यक्षा पूजा कुमारी, करणी सेना के रणविजय सिंह सहित कई अन्य स्थानीय नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया।

