Araia News:- विधानसभा चुनाव को लेकर अररिया में महागठबंधन ने चुनावी माहौल गरमा दिया है। सोमवार को जोकीहाट के उदाहाट मैदान और नरपतगंज हाई स्कूल मैदान में हुई राजद की जनसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने जोरदार भाषण दिया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बीस दिनों के भीतर रोजगार कानून बनाकर हर उस परिवार को सरकारी नौकरी दी जाएगी, जिसके घर में कोई सरकारी नौकरी नहीं है।
इस दौरान उनके साथ वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी, राजद राष्ट्रीय महासचिव सुकदेव पासवान और विधान पार्षद कारी साहब भी मौजूद थे। दोनों जनसभाओं में हजारों की भीड़ उमड़ी, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य दोनों सरकारों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एनडीए के लंबे शासन ने बिहार को बेरोजगारी और पलायन के सिवा कुछ नहीं दिया। उन्होंने कहा, “मैं जो कहता हूं, वह करता हूं। अपने 18 महीने के शासनकाल में हमने 5 लाख लोगों को नौकरी दी और साढ़े तीन लाख नौकरियों की प्रक्रिया शुरू की। साढ़े चार लाख नियोजित शिक्षकों को राजकीय शिक्षक का दर्जा दिया।”
उन्होंने नीतीश सरकार पर अपनी योजनाओं की नकल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “रोजगार के नाम पर 10 हजार रुपये देकर सरकार लोगों को गुमराह कर रही है, जबकि वह पैसा लोन के रूप में दिया गया है, जिसकी वसूली बैंक करेगा।”
तेजस्वी ने कहा कि सत्ता में आने पर ‘माई बहिन योजना’ के तहत हर जरूरतमंद महिला को ₹2,500 प्रतिमाह (₹30,000 सालाना) और पांच साल में ₹1.5 लाख देने का काम करेंगे। इसके अलावा 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा भी किया।
एनडीए पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि “20 साल तक एक ही बीज बोने से खेत बंजर हो जाता है, वैसे ही बिहार भी अब बदलाव चाहता है।”
सभा के अंत में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार अनिल यादव से पार्टी में लौटकर महागठबंधन को मजबूत करने की अपील की और कहा कि युवाओं को मौका देना जरूरी है।

