Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को लेकर महागठबंधन ने गुरुवार को एक बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। महागठबंधन की साझा प्रेसवार्ता में कांग्रेस सहित सभी घटक दलों ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया।
इस मौके पर बिहार कांग्रेस के प्रभारी और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद यह निर्णय लिया गया। उन्होंने तेजस्वी यादव की युवा ऊर्जा और बिहार को नई दिशा देने की क्षमता की भी तारीफ की। गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता बिहार आते हैं, लेकिन अपना मुख्यमंत्री चेहरा नहीं बता पाते।
महागठबंधन की एकजुटता पर भरोसा जताते हुए गहलोत ने कहा कि देश और बिहार की वर्तमान स्थिति गंभीर है। बेरोजगारी, युवाओं और किसानों की चिंता पर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में बदलाव की उम्मीद है और जनता इस बार बदलाव चाहती है।
प्रेसवार्ता में तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन ने उन पर भरोसा जताया है और वे जनता की उम्मीद पर खरा उतरेंगे। उन्होंने राजग सरकार पर हमला करते हुए कहा कि उनकी नकलची नीति और विजनहीन सरकार बिहार के विकास में बाधक रही है। तेजस्वी ने ‘माई बहन योजना’ जैसी योजनाओं का हवाला देते हुए राज्य के विकास की प्रतिबद्धता जताई।
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा ने उनके विधायक को तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन अब महागठबंधन के साथ मजबूती से खड़े हैं और बिहार में सरकार बनाकर भाजपा को बाहर करेंगे।
इस दौरान वामपंथी और अन्य घटक दलों के नेताओं ने भी महागठबंधन की एकजुटता और बिहार में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया। सभी सातों दलों के नेता मंच पर मौजूद रहे और एक स्वर में कहा कि इस बार बिहार में बदलाव तय है।

