Patna News: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विजयादशमी और दशहरा के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बेरोजगारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार और कुशासन जैसी समस्याओं को बिहार का दशानन बताते हुए इनके खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया। तेजस्वी ने कहा कि राज्य में ऐसी व्यवस्था स्थापित होनी चाहिए, जहां पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई को प्राथमिकता मिले।
तेजस्वी यादव ने अपने संदेश में कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। इस पर्व पर बिहार के विकास और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, बाढ़, सुखाड़ और कुशासन जैसी समस्याएं प्रदेश की तरक्की में बाधा बनी हुई हैं।

बेरोजगारी और पलायन पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने बिहार की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में रोजगार के पर्याप्त अवसरों की कमी के कारण बड़ी संख्या में लोगों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक करीब चार करोड़ बिहारवासी हर साल रोजगार की तलाश में पलायन करते हैं। तेजस्वी ने कहा कि राज्य में ऐसी व्यवस्था की जरूरत है, जिसमें युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार मिल सके और उन्हें परिवार से दूर जाने के लिए मजबूर न होना पड़े।
शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा पर जोर
तेजस्वी यादव ने शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई लोगों को आज भी गुणवत्तापूर्ण स्कूल, बेहतर सड़क और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है। उन्होंने महिलाओं और बच्चों में कुपोषण, खून की कमी तथा बच्चों के विकास से जुड़ी समस्याओं पर भी चिंता जताई।
कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए तेजस्वी ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा और आम लोगों को न्याय दिलाना किसी भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बिहार के विकास के लिए एकजुट होने की अपील
तेजस्वी यादव ने दशहरा के अवसर पर लोगों से बिहार की समस्याओं के खिलाफ एकजुट होकर संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने ऐसी व्यवस्था बनाने पर जोर दिया, जिसमें हर हाथ को काम मिले, हर परिवार को बेहतर सुविधाएं मिलें और आम लोगों की समस्याओं पर समय पर सुनवाई हो।अंत में उन्होंने बिहार सहित पूरे देश के लोगों को विजयादशमी और दशहरा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


