विजय सिन्हा का पलटवार, बोले- हार से डरकर भाग रहे विपक्षी नेता
Patna News:- बिहार की सियासत में बड़ा बयान देते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने संकेत दिया है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार कर सकती है। उन्होंने कहा कि इसका अंतिम निर्णय बिहार की जनता से विचार-विमर्श के बाद ही लिया जाएगा।
पटना स्थित अपने आवास पर बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में तेजस्वी यादव ने कहा कि 17 अगस्त से वे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ ‘वोट अधिकार यात्रा’ में शामिल होंगे। इस यात्रा के दौरान वे जनता से सीधा संवाद करेंगे और चुनाव में भागीदारी को लेकर राय लेंगे। यात्रा समाप्त होने के बाद राजद नेतृत्व इस पर गंभीर चर्चा करेगा कि चुनाव लड़ना है या नहीं।
तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हो रही हैं। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर की मेयर और भाजपा नेता निर्मला देवी का नाम दो अलग-अलग मतदाता सूचियों में दर्ज है, जिनमें उम्र भी अलग-अलग है। यही नहीं, उनके दो देवरों के नाम भी दो-दो जगहों पर दर्ज हैं। उन्होंने भाजपा के प्रदेश महामंत्री भीखू भाई दलसानिया का नाम भी बिहार की वोटर लिस्ट में होने पर सवाल उठाया, जबकि वे मूल रूप से गुजरात के हैं।
दूसरी ओर, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव के आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष को लोकतंत्र पर भरोसा होता, तो वे चुनाव बहिष्कार की बात नहीं करते। सिन्हा ने आरोप लगाया कि हार की आशंका से विपक्ष चुनावी मैदान से भागना चाहता है।
सिन्हा ने मतदाता सूची में नाम दर्ज होने को लेकर कहा कि यदि कोई व्यक्ति लंबे समय से किसी राज्य में रह रहा है, तो उसे वहां वोट डालने का अधिकार है, यह कानून सम्मत है। उम्र के आरोप पर उन्होंने तेजस्वी को नोटिस भेजने की बात कही और चुनौती दी कि वे अपनी डिग्री दिखाकर उसमें दर्ज उम्र बताएं।

