Patna News:- बिहार की राजनीति में हलचल मचाते हुए तेजप्रताप यादव ने नई राजनीतिक पारी की शुरुआत कर दी है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और हसनपुर विधायक तेजप्रताप यादव ने मंगलवार को विकास वंचित इंसान पार्टी (वीवीआईपी) के साथ गठबंधन का ऐलान किया। यह ऐलान पटना के मोर्य होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुआ, जिसमें उन्होंने बताया कि यह गठबंधन राज्य की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
इस मौके पर वीवीआईपी पार्टी के प्रदीप निषाद भी मौजूद थे। तेजप्रताप ने बताया कि प्रगतिशील जनता पार्टी (पीजेपी) और संयुक्त किसान विकास पार्टी समेत कई अन्य छोटे दल भी “टीम तेजप्रताप” के साथ आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि वे खुद महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे और समाज के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ेंगे।
तेजप्रताप ने मुकेश सहनी पर निशाना साधते हुए उन्हें “बहरूपिया” करार दिया और कहा कि असली पार्टी वीवीआईपी है, ना कि वीआईपी। उन्होंने यह भी कहा कि निषाद समाज आज भी हाशिए पर है और मुकेश सहनी ने अपने समाज को धोखा दिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजप्रताप ने खुलकर कहा कि भले ही उनकी पार्टी अभी पंजीकृत नहीं है, लेकिन मनोबल और जनता का समर्थन बड़ा है। साथ ही उन्होंने राजद और कांग्रेस को भी गठबंधन का न्योता दिया और कहा कि जो सामाजिक न्याय की लड़ाई में साथ आना चाहते हैं, उनका स्वागत है।
तेजप्रताप की यह नई पहल बिहार की राजनीति में नए समीकरण बना सकती है।

