East Champaran News:- भारत-नेपाल सीमा के समीप महुआवा थाना क्षेत्र के पचपोखरिया गांव में शनिवार की देर रात नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया। घटना में करीब दो लाख रुपए नकद और लगभग 4 किलो चांदी व 500 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए गए। स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, डकैतों ने शिक्षक जयप्रकाश राम और उनके भाई विकास मित्र विनोद राम के घरों को निशाना बनाया। बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हिंसक हमले में शिक्षक जयप्रकाश राम की पत्नी संगीता देवी, मां दुखिया देवी, चाचा रामचंद्र राम और पड़ोसी शत्रुघ्न राम समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के कुछ ही दूरी पर एसएसबी 71वीं वाहिनी महुआवा पोस्ट स्थित है, लेकिन डकैतों ने बड़ी तेजी और संगठित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद रक्सौल डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर ली जाएगी। प्रारंभिक आशंका यह जताई जा रही है कि यह हमला नेपाली डकैतों द्वारा किया गया है। घटना की जांच के लिए तकनीकी विशेषज्ञ और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। इसके अलावा, एसएसबी के डॉग स्क्वायड की टीम भी जांच में जुटी हुई है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर घर में प्रवेश किया और महिलाओं को भी नहीं बख्शा। यह घटना इलाके में भय और आक्रोश का कारण बनी हुई है। पुलिस पूरी गंभीरता के साथ मामले की छानबीन कर रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

