Ranchi News:- झारखंड हाई कोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। जस्टिस तरलोक सिंह चौहान ने बुधवार को राज्य के 17वें चीफ जस्टिस के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। राजभवन स्थित बिरसा मंडप में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो, मुख्य सचिव अलका तिवारी, हाई कोर्ट के न्यायाधीश, महाधिवक्ता राजीव रंजन, स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष व सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में वरीय अधिवक्ता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जस्टिस तरलोक सिंह चौहान का कानूनी सफर उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा शिमला में प्राप्त की और आगे की पढ़ाई पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से कानून में की। वर्ष 1989 में हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकृत होने के बाद उन्होंने कानून के क्षेत्र में तीन दशकों से भी अधिक का अनुभव प्राप्त किया है।
वर्ष 2014 में उन्हें हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और उसी वर्ष उन्हें स्थायी न्यायाधीश के रूप में भी पदोन्नति मिली। उनका कार्यकाल निष्पक्ष न्याय और प्रभावशाली निर्णयों के लिए जाना जाता है।
झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति की अधिसूचना राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा 15 जुलाई को जारी की गई थी। न्यायिक क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव और निष्पक्ष दृष्टिकोण से झारखंड में न्याय प्रणाली को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद की जा रही है।

